जलगांव शहर से गुजर रहे पुराने महामार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे बांभोरी पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक्टिवा सवार योगेश महाजन नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेश महाजन इच्छदेवी चौक क्षेत्र में निवास करता था। हादसा इतना गंभीर था कि युवक को संभलने का अवसर भी नहीं मिला।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तरसोद-पालधी बाईपास की बदहाल व्यवस्था के कारण महामार्ग का भारी यातायात शहर के भीतर से गुजर रहा है। बढ़ते ट्रैफिक के कारण शहर के विभिन्न मार्गों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है।
अब बड़ा सवाल प्रशासन के सामने है कि आखिर इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा? नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाईपास मार्ग की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कर यातायात को शहर से बाहर किया जाए और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के तत्काल इंतजाम किए जाएं।
