स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जलगांव जिले में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया गया।
जिलाधिकारी कार्यालय में भव्य समारोह
जलगांव जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पालक मंत्री गुलाबराव पाटिल के करकमलों से ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी, पुलिसकर्मी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। ध्वजारोहण के बाद पालक मंत्री ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों और नागरिकों से मुलाकात की।
जिला परिषद में भी फहराया तिरंगा
जिला परिषद कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी करिश्मा नायर सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल रहा।
महानगरपालिका में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह
जलगांव महानगरपालिका परिसर में भी ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान दीपमाला काले, उपमहापौर मनोज चौधरी और आयुक्त आदित्य जीवने सहित महानगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद मौजूद रहे।
रिलायंस पेट्रोल पंप पर भी तिरंगा
जलगांव शहर के रिलायंस पेट्रोल पंप पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। पेट्रोल पंप के मालिक केतनजी सहित कर्मचारी और नागरिक इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राष्ट्रध्वज को सलामी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित और एसडीपीओ नितिन गनापूरे सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस जवानों ने पूरे अनुशासन और सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
जिला दूध संघ में भी ध्वजारोहण
जलगांव जिला दूध संघ में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। दूध संघ के सदस्यों, अधिकारी और कर्मचारियों ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज को नमन किया।
स्वतंत्रता दिवस के इन कार्यक्रमों के माध्यम से जलगांव में एक बार फिर देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना दिखाई दी। शहर से लेकर सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों तक तिरंगा शान से लहराता नजर आया।
