धुळे जिला परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जलगांव स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने निर्माण विभाग में कार्यरत भंडारपाल पंकज वाघ को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सुरक्षा रक्षक महामंडल के माध्यम से जलगांव और धुळे जिला परिषद में सुरक्षा रक्षक उपलब्ध कराए गए थे। धुळे जिला परिषद में तैनात सुरक्षा रक्षकों का वेतन पिछले दो से तीन महीनों से लंबित था। इन कर्मचारियों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और संबंधित फाइल को मंजूरी देने के लिए भंडारपाल पंकज वाघ द्वारा कथित रूप से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, जलगांव के एक ठेकेदार ने सुरक्षा रक्षकों के वेतन भुगतान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की जाती रही। इससे परेशान होकर ठेकेदार ने जलगांव एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और पंकज वाघ को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद धुळे जिला परिषद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई जलगांव भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उपअधीक्षक योगेश ठाकुर के नेतृत्व में की गई। मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई एसीबी द्वारा की जा रही है।
