जलगांव के पिंप्राला स्थित ठाकुर समाज मंगल कार्यालय में न्याय विश्वास फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क कानूनी सलाह एवं मार्गदर्शन शिविर को नागरिकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी कानूनी समस्याएं लेकर पहुंचे और विशेषज्ञ अधिवक्ताओं से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त किया।
शिविर में जमीन विवाद, 7/12 उतारा, संपत्ति अधिकार, पारिवारिक विवाद, पुलिस शिकायत, एफआईआर, न्यायालयीन मामले, साइबर अपराध तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी जैसे विषयों पर नागरिकों को विस्तृत कानूनी सलाह दी गई। महिला, वरिष्ठ नागरिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
न्याय विश्वास फाउंडेशन के संचालक एडवोकेट अनिकेत उज्ज्वल निकम ने बताया कि आम नागरिकों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए बिना सही कानूनी जानकारी उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। शिविर में मौजूद अधिवक्ताओं और विधि विशेषज्ञों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम जनता को अपने अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है, जिससे न्याय तक पहुंच आसान होती है।
