जलगांव में महिलाओं के एक कॉलेज के बाहर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस ने फिल्मी अंदाज में स्टिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मी छात्र और महिला पुलिसकर्मी छात्रा बनकर कॉलेज परिसर के आसपास पहुंचे। जांच के दौरान ऐसे लोगों को पकड़ा गया जो छात्राओं को दो उंगलियों में छिप जाने वाले छोटे मोबाइल फोन बेच रहे थे।

जानकारी के अनुसार इन मिनी मोबाइल फोनों की कीमत 600 से 1000 रुपये तक थी। आरोप है कि ये लोग छात्राओं को अपने मोबाइल फोन से बातचीत करवाने की सुविधा भी देते थे। पुलिस ने कार्रवाई के बाद कॉलेज प्रशासन और अभिभावकों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी तथा संबंधित छात्राओं को समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इस कार्रवाई को युवाओं के भविष्य और छात्राओं की सुरक्षा के प्रति जलगांव पुलिस की संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धीवरे के नेतृत्व में हुई इस पहल की शहरभर में सराहना हो रही है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें और केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि उनके सामाजिक व्यवहार पर भी ध्यान दें।