जलगांव जिले के वरणगांव पुलिस ने प्रतिबंधित गुटखा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5,27,686 मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा, सुगंधित पान मसाला, सुगंधित तंबाकू और एक टोयोटा इनोवा कार (MH-20 BD-3000) जब्त की है। इस कार्रवाई में चेतन लक्ष्मण नारखेडे (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में वरणगांव पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर 24 जुलाई 2026 को जाल बिछाकर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद हुए।

अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग की मौजूदगी में पंचनामा किया गया। मामले में वरणगांव पुलिस स्टेशन में गुन्हा क्रमांक 117/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला या तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।