मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पार उमरटी गांव में जळगांव, नाशिक और धुले पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय 'ऑपरेशन कॉम्बिंग सर्च' के तहत बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान जळगांव जिले के फरार आरोपियों की तलाश तथा अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 400 से अधिक पुलिसकर्मियों का दल रात एक बजे रवाना हुआ और सुबह चार बजे से आठ बजे तक गांव में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान 45 संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई, 20 लोगों से पूछताछ की गई और 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
चोपड़ा ग्रामीण थाना क्षेत्र से जुड़े दो व्यक्तियों की तलाशी में दो देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने 32 संदिग्ध मोटरसाइकिलें, देशी कट्टे बनाने में उपयोग होने वाला कच्चा माल और सांचे भी जब्त किए।
भविष्य में फरार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 27 आरोपियों के घरों की जियो-टैगिंग भी की गई।
इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक अशोक नखाते ने किया। उनके साथ जळगांव, नाशिक और धुले पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा 400 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को सफल बनाया।
