जलगांव शहर में पुलिस भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने अभ्यास के लिए मैदान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पुलिस मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर धरना देते हुए पालकमंत्री गुलाबराव पाटील, मंत्री संजय सावकारे और विधायक सुरेश भोळे के वाहन काफिले का रास्ता रोक दिया।

अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से कुछ समय के लिए पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विद्यार्थियों का कहना था कि पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें नियमित अभ्यास हेतु मैदान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।

इसी दौरान पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पालकमंत्री गुलाबराव पाटील, मंत्री गिरीश महाजन और मंत्री संजय सावकारे पहुंचने वाले थे। काफिला पहुंचते ही विद्यार्थियों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बाद में पालकमंत्री गुलाबराव पाटील, मंत्री संजय सावकारे और विधायक सुरेश भोळे ने विद्यार्थियों से चर्चा की। बातचीत के दौरान पालकमंत्री ने सोमवार से पुलिस भर्ती के अभ्यास के लिए मैदान खोलने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।