महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। नांदेड़ शहर और आसपास के इलाकों में रात 1 बजकर 38 मिनट और 1 बजकर 40 मिनट पर लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.4 दर्ज की गई।
भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के दौरान का एक सीसीटीवी वीडियोभी सामने आया है, जिसमें सड़क पर लोगों की हलचल और वाहनों के पास एकत्र हुए स्थानीय निवासी दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इन झटकों का असर केवल नांदेड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हिंगोली और परभणी जिलों में भी कंपन महसूस किया गया। मराठवाड़ा क्षेत्र में रातभर अलग-अलग स्थानों पर 3.6 से 4.7 तीव्रता तक के कई भूकंपीय झटके दर्ज किए गए।
फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
विशेषज्ञों के अनुसार, हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप के बाद भी सतर्क रहना आवश्यक है। संबंधित विभाग पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं और स्थिति सामान्य बनी हुई है।
