मुंबई, 6 जुलाई: महाराष्ट्र में संभावित बाढ़ और लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार की पूरी मशीनरी 24 घंटे तैयार है और नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने तथा केवल सरकारी और अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।
राज्य स्तरीय मुख्य नियंत्रण कक्ष के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1070 जारी की गई है। इसके अलावा नागरिक 09321587143, 022-22027990 और 022-22794229 पर भी संपर्क कर सकते हैं। वहीं, प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किए गए हैं, जिनका हेल्पलाइन नंबर 1077 है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को भूस्खलन (लैंडस्लाइड) संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय नागरिक तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर प्रशासन की सहायता लें।
