जलगांव, 19 मई 2026 – महाराष्ट्र के जलगांव शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में आवारा कुत्तों ने एक ही दिन में 34 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर में लगातार बढ़ रही डॉग बाइट की घटनाओं ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार जलगांव में रोजाना औसतन 30 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे हैं। यही आंकड़ा महीने में लगभग 900 और सालभर में 10 हजार से ज्यादा तक पहुंच रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। कई इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते दिखाई देते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में ज्यादा चिंता देखी जा रही है।
इस मामले में डॉक्टर जाकीर पठाण, सहायक मेडिकल अधीक्षक, जलगांव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले तो वह तुरंत घाव को साफ पानी से धोकर बिना देरी अस्पताल पहुंचे। घरेलू उपचार करने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है और समय पर इलाज बेहद जरूरी है।
फिलहाल लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद नागरिकों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।