3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर जलगांव जिले में प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल रोकने के उद्देश्य से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर “कॉपीमुक्त अभियान” लागू किया जाएगा।
जिले में इस बार NEET-UG परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए अपर जिल्हादंडाधिकारी, जलगांव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत विशेष आदेश जारी किया है।
इस आदेश के अनुसार, 3 मई को परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आम लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, इस प्रतिबंध से परीक्षार्थियों, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस और होमगार्ड को छूट दी गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इसके साथ ही प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के आसपास स्थित ज़ेरॉक्स और फोटोकॉपी की दुकानों को भी परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह कदम प्रश्नपत्र लीक या अन्य अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है।
प्रशासन द्वारा यह आदेश तत्काल प्रभाव से एकतरफा रूप में लागू किया गया है। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन करें और परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाने में सहयोग दें।