पंजाब के अमृतसर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के समीप स्थित होटल कंट्री यार्ड में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग होटल परिसर के बाहर लगे डीजल जनरेटर से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगते ही होटल और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर होटल में मौजूद लोगों और आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली कराया गया।
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि होटल और जनरेटर सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
