इंदौर, 10 मार्च 2026 – मध्यप्रदेश के इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए जल्द ही नई हवाई सेवा शुरू होने की संभावना है। एयरलाइंस कंपनी Fly-91 ने इन दोनों शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो अप्रैल 2026 से इन फ्लाइट्स का संचालन शुरू हो सकता है।
एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कंपनी की सेल्स और ऑपरेशन टीम मंगलवार को इंदौर पहुंचकर विभिन्न अधिकारियों और संबंधित लोगों से मुलाकात करेगी। इस बैठक में नई फ्लाइट सेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं और अंतिम प्रक्रियाओं पर चर्चा की जाएगी। एयरलाइंस से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। जैसे ही आवश्यक अनुमति मिलेगी, कंपनी फ्लाइट की तारीख की घोषणा कर देगी और टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि इन रूट्स पर फ्लाइट संचालन ATR विमानों के जरिए किया जाएगा। Fly-91 फिलहाल गोवा, अगाती, सोलापुर, जलगांव, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों से अपनी उड़ान सेवाएं संचालित कर रही है। एयरलाइंस के नए समर शेड्यूल में इंदौर के अलावा विजयवाड़ा, नांदेड़ और हुबली जैसे शहरों से भी फ्लाइट संचालन शुरू करने की योजना है।
वहीं दूसरी ओर सोमवार को इंदौर एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए फ्लाइट संचालन प्रभावित हुआ। दोपहर करीब 12 बजे एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन लगभग 20 मिनट के लिए बंद करना पड़ा। इस दौरान दिल्ली से इंदौर और रायपुर से इंदौर आने वाली दो फ्लाइट्स को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा।
शुरुआत में एयरलाइंस कंपनी ने तकनीकी कारणों से फ्लाइट में देरी की बात कही, लेकिन बाद में एयरपोर्ट प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि रात में रनवे पर रिकार्पेटिंग का काम चल रहा था। सोमवार को नियमित निरीक्षण के दौरान रनवे के एक हिस्से पर कुछ स्थानों पर बिटुमिन पाया गया, जिसके बाद सिविल इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत मरम्मत और सफाई का काम शुरू किया।
करीब 20 मिनट में मरम्मत और सफाई का काम पूरा कर लिया गया और रनवे को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। इसके बाद फ्लाइट संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। बाद में भोपाल डायवर्ट की गई दोनों फ्लाइट्स भी इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंच गईं।