महाराष्ट्र सरकार के मराठी भाषा विभाग की ओर से नाशिक में आयोजित चौथे विश्व मराठी सम्मेलन में जलगांव के बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया के लगभग 19 देशों से मराठी भाषी नागरिकों ने भाग लिया।
सम्मेलन के तीसरे दिन बालरंगभूमि परिषद की ओर से जलगांव की अनुभूति इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक कातकरी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। विद्यार्थियों के इस जोशपूर्ण और सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्कूल की मुख्याध्यापिका रश्मी लाहोटी के मार्गदर्शन और नृत्य प्रशिक्षक ज्ञानेश्वर सोनवणे के निर्देशन में विद्यार्थियों ने यह प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों और वादकों की टीम ने नाशिक में आयोजित विश्व मराठी सम्मेलन के मंच पर जलगांव का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार छाप छोड़ी।
इस कार्यक्रम में डिंपल चौधरी, भूमिका चौधरी, रेणुका पवार, पूर्वी भावसार, चिन्मयी जंजाळकर, स्वरा महाजन, सुंदरम चिमकर, विद्या सपकाळे, चेतन धनगर और हर्षिता निकुंभ ने नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं वादकों में मोहित सोनवणे, ललित पवार, वेदांत जडे, रोहन चव्हाण और सचिन महाजन शामिल थे।
कार्यक्रम के बाद उपस्थित मान्यवरों के हाथों सभी विद्यार्थियों और टीम लीडर ज्ञानेश्वर सोनवणे को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बालरंगभूमि परिषद, मुंबई की अध्यक्षा एडवोकेट नीलम शिर्के सामंत और प्रभारी प्रमुख कार्यवाह योगेश शुक्ल के प्रयासों से विद्यार्थियों को इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
अनुभूति इंग्लिश मीडियम स्कूल के अध्यक्ष अतुल जैन और संचालिका निशा अनिल जैन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।