जलगांव शहर में गुरुनानक जयंती के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। आर. आर. विद्यालय के समीप स्थित गुरुद्वारे में इस पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

सुबह से ही गुरुद्वारे में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिख समुदाय के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी पहुंचकर गुरु के दर्शन किए।

इस अवसर पर इंदौर और अमृतसर से विशेष कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया था। उनके मधुर भजनों और कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में महापौर दीपमाला काले और विधायक राजूमामा भोले ने भी पहुंचकर दर्शन किए। विशेष आकर्षण तब देखने को मिला, जब विधायक राजूमामा भोले ने स्वयं श्रद्धालुओं को लंगर परोसा और सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

इस आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसी ने भोजन वितरण की जिम्मेदारी संभाली, तो किसी ने रसोई, जूता सेवा और स्वच्छता के कार्यों में योगदान दिया।

गुरुनानक जयंती का यह आयोजन जलगांव में भाईचारे, समानता, मानवता और निस्वार्थ सेवा का संदेश दे गया।