शहर के जामनेर रोड क्षेत्र में स्थित सर्वे क्रमांक 115/1/अ, प्लॉट नंबर 09 पर बने विवादित “माऊली प्लाजा” भवन को लेकर एक अहम प्रशासनिक रिपोर्ट सामने आई है। विभिन्न विभागों द्वारा की गई संयुक्त जांच के बाद तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट Sub-Divisional Officer Office, Bhusawal द्वारा आगे की कार्रवाई के लिए District Collector Office, Jalgaon को भेज दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मौके पर की गई जांच में यह पाया गया कि संबंधित इमारत का निर्माण स्वीकृत नक्शे से अलग तरीके से किया गया है। प्रारंभिक निरीक्षण में बेसमेंट की लंबाई-चौड़ाई, इमारत की ऊंचाई और भवन के विभिन्न हिस्सों में किए गए अतिरिक्त एक्सटेंशन स्वीकृत आराखड़े से अलग पाए गए हैं।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इमारत के परिसर के बेहद करीब से हाई टेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मुद्दा माना जा रहा है। इसके अलावा स्वीकृत नक्शे के अनुसार लिफ्ट डक्ट बेसमेंट तक होना अपेक्षित था, जबकि वास्तविक स्थिति अलग पाई गई है। पार्किंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी मानकों में भी स्वीकृत योजना और वास्तविक निर्माण के बीच अंतर सामने आया है।
इस पूरे मामले की जांच विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की और उसके बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई। अब यह रिपोर्ट अंतिम निर्णय के लिए जिलाधिकारी जलगांव को भेजी गई है।
बताया जा रहा है कि इस इमारत को लेकर स्थानीय नागरिकों की ओर से पहले भी लिखित शिकायतें की गई थीं। संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट सामने आने के बाद अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि इस विवादित निर्माण को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
