उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र में मनौरी पावर हाउस के पास हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में करीब 24 लोग घायल हुए हैं, जबकि लगभग 15 लोगों के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पास स्थित एयरफोर्स स्टेशन की टीमें भी राहत और बचाव अभियान में शामिल हुईं।

गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रेस्क्यू कर प्रयागराज के SRN अस्पताल भेजा गया है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री के आसपास स्थित पांच से छह मकान भी ढह गए। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

फिलहाल प्रशासन ने किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विस्फोट की असली वजह भी अभी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से आगे की जांच और राहत-बचाव कार्रवाई जारी है।