जलगांव शहर के ऐतिहासिक शिवतीर्थ चौक का सौंदर्य अब और अधिक आकर्षक हो गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष शिवकालीन मावलों की भव्य प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं, जिससे चौक को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी स्वरूप प्राप्त हुआ है।

इस परियोजना की संकल्पना जी.एम. फाउंडेशन द्वारा की गई थी, जबकि इसके क्रियान्वयन और संपूर्ण आर्थिक योगदान की जिम्मेदारी सुप्रीम इंडस्ट्रीज जलगांव फाउंडेशन ने निभाई। सामाजिक उत्तरदायित्व और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए सुप्रीम इंडस्ट्रीज ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार किया है।

इस भव्य परियोजना का लोकार्पण जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन के हाथों संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रोहन घुगे, मनपा आयुक्त आदित्य जीवने, महापौर दीपमाला काले, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी करिश्मा नायर तथा पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुगंध, शिवसूर्य, शौर्यवीर और शिव तांडव ढोल पथकों ने शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को शिवमय बना दिया। ढोल-ताशों की गूंज के बीच उपस्थित नागरिकों ने इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया।

जी.एम. फाउंडेशन की दूरदर्शी सोच और सुप्रीम इंडस्ट्रीज जलगांव फाउंडेशन के योगदान से साकार हुआ यह प्रकल्प न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास, स्वराज्य की भावना और मावलों के शौर्य से भी परिचित करा रहा है। यह परियोजना जलगांव की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को नई ऊंचाई देने वाली पहल मानी जा रही है।