जलगांव के काव्यरत्नावली चौक स्थित भाऊंचे उद्यान के बाहर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जमा पानी के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ने और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभाग क्रमांक 13 की नगरसेविका वैशाली अमित पाटील ने तत्काल दखल ली। उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक सिद्धार्थ घेंगट से चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली और इसके बाद सीधे महानगरपालिका आयुक्त आदित्य जीवने से मुलाकात कर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
नगरसेविका के लगातार फॉलोअप और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया। आयुक्त के निर्देश पर महानगरपालिका की वैक्यूम वैन मौके पर भेजी गई और जमा पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया।
वैशाली पाटील ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभाग 13 में स्वच्छता, ड्रेनेज, नालियां, सड़कें और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगी और जरूरत पड़ने पर स्वयं मैदान में उतरकर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
