जलगांव जिले के रावेर में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. केतकीताई पाटील फाउंडेशन और जिला कौशल विकास रोजगार केंद्र, जलगांव के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सरदार जी. जी. हाईस्कूल का विशेष सहयोग रहा।
मंगलवार, 11 अगस्त को आयोजित इस रोजगार मेले का उद्घाटन विधायक अमोलदादा जावळे के हाथों किया गया। कार्यक्रम में नगराध्यक्ष संगीता महाजन, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेशभाऊ धनके, पूर्व नगराध्यक्ष पद्माकर महाजन, डॉ. केतकी पाटील सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लगातार बारिश के बावजूद रोजगार मेले को युवाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। रावेर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 115 शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया। इसके बाद जलगांव, चोपड़ा, नाशिक, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर से आई सात प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उम्मीदवारों की प्रत्यक्ष मुलाकात एवं साक्षात्कार लिए।
उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और कौशल के आधार पर पहले चरण में 45 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित युवाओं को रोजगार प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर मिलने से उनके बीच खुशी का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों का पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है।
कार्यक्रम का प्रस्ताविक वासुदेव नरवाडे ने प्रस्तुत किया, जबकि डॉ. केतकी पाटील ने उपस्थित सभी अतिथियों, कंपनियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।