जलगांव में महिला शक्ति संघ के ‘शिवशक्ति’ हॉल में महिला बचत समूह एवं भिशी समूह के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य मार्गदर्शन एवं विहंगम योग शिविर का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध आयुर्वेद एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. निशा मनोजकुमार पाटील रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मधुताई पाटील के स्वागत गीत से हुई। महिला शक्ति संघ की कार्याध्यक्ष शैलजादेवी निकम ने डॉ. निशा पाटील का परिचय कराते हुए स्वास्थ्य, योग और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी दी। इस अवसर पर कुसुमबाई पवार एवं मीना पवार ने उपस्थित महिलाओं का स्वागत किया।
अपने मार्गदर्शन में डॉ. निशा पाटील ने मानसून के दौरान बदलते मौसम में स्वास्थ्य की देखभाल, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने त्वचा एवं बालों की समस्याएं, जोड़ों का दर्द, एसिडिटी, माइग्रेन, अनिद्रा तथा बांझपन जैसी समस्याओं में आयुर्वेदिक पंचकर्म उपचारों के महत्व को भी समझाया।
डॉ. पाटील ने मानसिक तनाव और अनिद्रा से राहत के लिए शिरोधारा एवं ध्यान के लाभों पर प्रकाश डाला। साथ ही किशोरावस्था में प्रवेश करने वाली बालिकाओं की स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सत्रों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में महर्षि सदानंद देव विहंगम संस्थान के माध्यम से विहंगम योग का परिचय कराया गया तथा उपस्थित महिलाओं से योगासन का प्रात्यक्षिक भी करवाया गया। इस अवसर पर नयना पाटील, सुवर्णा निकम, मीना पवार, दीपाली देशमुख, अलका पाटील, रूपाली पाटील सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सुवर्णा प्रताप निकम ने किया।
