जलगांव, 5 अगस्त। जलगांव शहर के बाहर मुंबई–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रेलवे ब्रिज के पास हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण सड़क धंस गई थी। इसके चलते भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा मरम्मत कार्य जारी है।
पुलिस अधीक्षक जलगांव श्रीकांत धिवरे ने महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 33(1)(बी) के तहत नई अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि 6 अगस्त 2026 की रात 12:01 बजे से 12 अगस्त 2026 की रात 12:00 बजे तक यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार, धुले की ओर से नागपुर जाने वाला एकतरफा मार्ग 12 अगस्त 2026 तक चालू किए जाने की संभावना है। तब तक वाहन चालकों को निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करना होगा।
मुख्य डायवर्जन मार्ग
भुसावल/नागपुर → धुले/मुंबई: तरसोद फाटा – कालिका माता मंदिर – अजिंठा चौफुली – आकाशवाणी चौक – शिव कॉलोनी – बांभोरी पुल – पाळधी – धुले।
मुंबई/धुले → भुसावल/नागपुर: पाळधी – बांभोरी – शिव कॉलोनी – आकाशवाणी चौक – अजिंठा चौफुली – कालिका माता मंदिर – तरसोद फाटा – भुसावल।
छत्रपति संभाजीनगर ↔ नागपुर: पहूर – जामनेर – नाहाटा चौफुली – भुसावल मार्ग।
इंदौर/बड़ौदा/नंदुरबार ↔ भुसावल/नागपुर: चोपड़ा – अडावद – यावल – भुसावल मार्ग।
जलगांव पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
