साकरे स्थित बा. च. भाटिया माध्यमिक विद्यालय में छात्रों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र साइबर जनजागृति अभियान की साइबर वॉरियर विद्या विशाल सोनवणे और साक्षी तानाजी पाटील ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डेटा चोरी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फेक लिंक, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड तथा मोबाइल ऐप्स से जुड़े साइबर खतरों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हैकर के मुखौटे के साथ किया गया लाइव डेमो रहा। इस प्रदर्शन के माध्यम से छात्रों को बताया गया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों की व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।
इसके अलावा प्रश्नोत्तरी, खेल और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की मुख्याध्यापिका अनिता पाटील का विशेष सहयोग रहा, जबकि आर. बी. आमले के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
