महाराष्ट्र के जलगांव जिले के चोपड़ा ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलो 196 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 6 लाख 8 हजार 200 रुपये मूल्य का गांजा, एक सेंट्रो कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश पर "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लासूर-होटे मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध सेंट्रो कार की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जब्त किए गए सामान में लगभग 1.77 लाख रुपये का गांजा, 3 लाख रुपये की सेंट्रो कार, 90 हजार रुपये की मोटरसाइकिल और करीब 40 हजार रुपये के पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
