जळगांव (महाराष्ट्र): जळगांव जिला वंजारी युवा संगठन द्वारा आयोजित 24वां मेधावी छात्र सम्मान समारोह उत्साह और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ। विभिन्न शैक्षणिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानचिह्न, प्रमाणपत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. सुरेश राजाराम वराडे ने की। मुख्य अतिथियों में प्रमोद चिंधू लाड, डॉ. विजय गरकल, डॉ. अश्विनी जायभाये, गणेश चाटे, रवींद्र सोनवणे, निकिता लाडवंजारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. विजय गरकल ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुरेश राजाराम वराडे ने कहा कि समाज में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए प्रशासनिक सेवाओं में स्थान बनाने का आह्वान किया और समाज से अधिक संख्या में तुकाराम मुंढे जैसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी तैयार करने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर मेधावी छात्राओं मोक्षदा राहुल लाडवंजारी और खुशबू भानुदास नाईक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस सम्मान समारोह को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन रूपाली आव्हाड और प्रणाली नाईक ने किया। समापन पर संगठन के अध्यक्ष प्रशांत नाईक ने बताया कि इस वर्ष पहली बार छपे हुए निमंत्रण पत्रों के बजाय व्हाट्सऐप के माध्यम से डिजिटल निमंत्रण भेजे गए, जिन्हें समाज की ओर से शानदार प्रतिसाद मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और समाजबंधु कार्यक्रम में शामिल हुए।