उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के बाद घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धोने गया था। तभी अचानक नदी से निकले एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उसे पानी में खींच ले गया।

चाचा ने बच्चे को बचाने की भरसक कोशिश की, वहीं आसपास मौजूद ग्रामीण भी शोर मचाते हुए नदी किनारे पहुंचे और मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

करीब पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव नदी से बरामद किया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वन विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मगरमच्छ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।