जलगांव के समाजसेवी एवं अधिवक्ता विजय सुरजमल काबरा को सामाजिक सद्भाव, गोसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा "सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस" से सम्मानित किया गया है।
विजय काबरा वर्ष 2009 से लगातार "सामूहिक गोसेवा – एक अनुष्ठान" अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वे विभिन्न धर्मों, समाजों, सामाजिक संगठनों और व्यावसायिक वर्गों को एक मंच पर लाकर गोसेवा, पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और सामाजिक एकता को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने हजारों लोगों को गोसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का कार्य किया है। रमजान और मोहर्रम जैसे अवसरों पर विभिन्न समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करने, तृतीयपंथी समाज को अभियान से जोड़ने तथा आकाशवाणी, स्कूलों और महाविद्यालयों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वर्ष 1994 से पंजीकृत "पृथ्वी बचाव संस्था" के माध्यम से भी वे पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उनके इस अभियान को "दुनिया का सबसे लंबे समय तक लगातार चलने वाला बहु-समुदायिक सामूहिक गोसेवा एवं पर्यावरण जनजागरूकता अभियान" मानते हुए यह सम्मान प्रदान किया।
हाल ही में विजय काबरा ने जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन से शिष्टाचार भेंट की, जहां उनके इस सम्मान और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई।
