जलगांव (महाराष्ट्र): मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत पाळधी खुर्द और पाळधी बुद्रुक में आयोजित विशेष शिविरों को नागरिकों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी एसआईआर प्रक्रिया पूरी की।
राज्य के जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री तथा जळगांव जिले के पालकमंत्री गुलाबराव पाटील ने पाळधी खुर्द स्थित शासकीय विश्रामगृह और पाळधी बुद्रुक के श्रीराम मंदिर परिसर में लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से समय रहते एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है तथा कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अभियान के दौरान युवा नेता प्रतापराव पाटील पूरे दिन शिविरों में मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी, आवेदन भरने में सहायता की तथा बीएलओ और बीएलए के साथ समन्वय कर लोगों की समस्याओं का समाधान कराया।
यह विशेष अभियान शिवसेना, युवासेना और जीपीएस मित्र परिवार के सहयोग से संचालित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए अलग से सहायता व्यवस्था भी की गई, जिससे लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
अब तक पाळधी क्षेत्र में लगभग 40 से 50 प्रतिशत एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 25 जुलाई तक शत-प्रतिशत प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
प्रतापराव पाटील ने कहा कि यदि समय पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो भविष्य में मतदान के संवैधानिक अधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
जिन नागरिकों की एसआईआर प्रक्रिया अभी बाकी है, उनके लिए गुरुवार, 16 जुलाई को फिर से विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। सभी पात्र मतदाताओं से इस शिविर का लाभ उठाकर समय पर अपनी प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है।
इस अवसर पर तहसीलदार महेंद्र सूर्यवंशी, गटशिक्षणाधिकारी डॉ. भावना भोसले, नायब तहसीलदार प्रथमेश मोहोळ, पूर्व सरपंच संजूभैया देशमुख, उद्योगपति अनिलभैया कासट, उपसरपंच निसार देशमुख सहित शिवसेना, युवासेना, जीपीएस मित्र परिवार, बीएलओ, बीएलए और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
