थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित एक पब/ब्रूअरी में रविवार देर रात करीब 11:57 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता देखा गया। इसके बाद अचानक बिजली चली गई और कुछ ही क्षणों में धमाका हुआ, जिससे पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ लोग शौचालय में फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
दमकल विभाग ने करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। थाई प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका इलेक्ट्रिकल फॉल्ट और आपातकालीन निकास (Emergency Exit) व्यवस्था में खामियों की जताई जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने थाईलैंड के नाइटलाइफ वेन्यूज़ में फायर सेफ्टी मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग आग और धुएं से बचने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं।
