जलगांव जिले के भुसावल शहर पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विशाल राजेंद्र राठौर (46 वर्ष), निवासी भिकनगांव, जिला खरगोन (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने भुसावल शहर के अलावा जामनेर और अमलनेर थाना क्षेत्र में भी मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
मामले की जांच उस समय शुरू हुई जब 23 जनवरी 2026 को भुसावल के ZTS रोड स्थित MOH पार्किंग शेड से एक हीरो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चोपड़ा बस स्टैंड क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने छह मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने सभी वाहन बरामद कर लिए। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक महेश गायकवाड़ के नेतृत्व में की गई, जबकि मार्गदर्शन अपर पुलिस अधीक्षक रूचिप गवित और उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले का रहा।