महाराष्ट्र के भुसावल शहर में शनिवार (4 जुलाई) की रात एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। फिल्टर हाउस परिसर में ड्यूटी पर तैनात 58 वर्षीय रेल कर्मचारी प्रसाद यशवंत कुलकर्णी की एक युवक ने लोहे की पट्टी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, प्रसाद कुलकर्णी रेलवे में मास्टर क्राफ्ट्समैन (MCM) के पद पर कार्यरत थे। रात करीब 8:30 बजे वे कवाडे नगर स्थित फिल्टर हाउस में ड्यूटी कर रहे थे। तभी कवाडे नगर निवासी आकाश भानुदास गोरखा (35) ने बिना किसी पूर्व विवाद के उन पर अचानक हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से कुलकर्णी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आकाश गोरखा मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका ठाणे के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन वर्ष 2021 के बाद उसके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही भुसावल शहर पुलिस थाना प्रभारी महेश गायकवाड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस कॉन्स्टेबल दीपक शेवरे, राहुल बेहेनवाल, राहुल भोई, बाटले, निकम और रामचंद्र गायकवाड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार और पूरी रेलवे कॉलोनी में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।