महाराष्ट्र के जलगांव शहर में पुलिस ने घरफोड़ चोरी के एक मामले का महज 5 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, उप विभागीय पुलिस अधिकारी नितीन गणापुरे तथा शहर पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक सागर शिंपी के मार्गदर्शन में की गई।
मामला 25 और 26 जून 2026 की दरमियानी रात का है। शिवाजीनगर, भगतसिंह चौक निवासी सुशील भाईलाल भावसार के घर से लगभग 63 हजार रुपये मूल्य का लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, पीतल की कलशी और नकदी चोरी हो गई थी।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राफत शेख फिरोज (20) और शेख शारीम शेख मुसेफ उर्फ मुसाब (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में अपराध खोज पथक के सहायक फौजदार सुनील पाटील, सहायक फौजदार दीपक शिरसाट, पुलिस हेड कॉन्स्टेबल उमेश भांडारकर, सतीश पाटील, वीरेंद्र शिंदे, योगेश पाटील, नंदलाल पाटील, भगवान पाटील तथा पुलिस कॉन्स्टेबल अमोल ठाकुर, राहुलकुमार पांचाळ, प्रणय पवार और भगवान मोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा मात्र 5 घंटे में करते हुए चोरी गया 63 हजार रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया है।