मुंबई में गुरुवार को महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन (पणन महासंघ) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुई चुनाव प्रक्रिया में खानदेश के युवा सहकार नेता रोहित दिलीपराव निकम को सर्वसम्मति से अध्यक्ष तथा राहुल काकड़े को उपाध्यक्ष चुना गया।
करीब 70 वर्षों में पहली बार इस महत्वपूर्ण सहकारी शिखर संस्था का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि के हाथों में आया है, जिसे राज्य के सहकार क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया का संचालन सह निबंधक, सहकारी संस्था मुंबई के शाहजी पाटील ने किया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद रोहित निकम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सहकार मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, पणन मंत्री जयकुमार रावल, मंत्री हसन मुश्रीफ, मंत्री गिरीश महाजन, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण तथा मंत्री संजय सावकारे सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वे शेतकरी हित, सहकार क्षेत्र को मजबूत करने और पारदर्शी व गतिशील प्रशासन के लिए पूरी क्षमता से कार्य करेंगे। "सहकार से समृद्धि" की संकल्पना को केंद्र में रखते हुए महाराष्ट्र के किसानों की आर्थिक प्रगति के लिए पणन महासंघ को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन राज्य की प्रमुख सहकारी संस्था है, जो कृषि उपज के विपणन, भंडारण, खरीद-बिक्री तथा किसानों के हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का संचालन करती है। इसलिए इसके अध्यक्ष पद को लाखों किसानों के हितों से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है।
रोहित निकम सहकार क्षेत्र की मजबूत पारिवारिक विरासत से आते हैं। वे वर्तमान में जलगांव जिला सहकारी दूध संघ के संचालक, जलगांव जिला कृषि उद्योग एवं सर्व सेवा सहकारी संस्था के अध्यक्ष तथा भाजपा सहकार आघाड़ी, महाराष्ट्र राज्य के सहसंयोजक हैं। सहकार, कृषि और ग्रामीण विकास क्षेत्र का उनका अनुभव महासंघ के कामकाज को नई गति देगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान मंत्री संजय सावकारे, पूर्व विधायक जयंत पाटील, संजय पवार, अतुल गण्यारपवार, सुभाष रघातटे, रमेश हिंगणकर, नितीन हिवसे, सुनील चव्हाण, पांडुरंग घुगे, राहुल काकड़े, संदीप नरके, प्रमोद रावराणे, आबासाहेब पाटील, बळवंत पाटील, धनश्रीदेवी घाटगे, अयोध्या धस, अशोक हटकर, दत्तात्रय पानसरे सहित महासंघ के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्य के सहकार क्षेत्र में नए नेतृत्व के रूप में रोहित निकम की नियुक्ति को किसान-केंद्रित नीतियों को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में पणन महासंघ के माध्यम से कृषि और विपणन से जुड़ी अधिक प्रभावी योजनाएं लागू की जाएंगी।