अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जलगांव में योग को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन और विभिन्न सरकारी विभागों के संयुक्त प्रयास से श्री छत्रपति शिवाजी महाराज जिला क्रीड़ा संकुल में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी रोहन घुगे सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। योग प्रशिक्षक चंचल माली ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए नियमित योग करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ शरीर और संतुलित मन के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी रोहन घुगे ने जिला क्रीड़ा संकुल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने खेल सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
योग दिवस के इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
