प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत शुक्रवार 19 जून को जैन इरिगेशन के जैन हिल्स स्थित गांधी तीर्थ के कस्तूरबा सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी देशभर के लाभार्थियों को लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जलगांव कार्यालय द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल, जलगांव लोकसभा क्षेत्र की सांसद स्मिता वाघ तथा विधायक सुरेश भोळे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोळी एवं सहायक भविष्य निधि आयुक्त मोहित दीक्षित भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केंद्र सरकार की रोजगार प्रोत्साहन योजना है, जिसके अंतर्गत पहली बार संगठित क्षेत्र में नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम 15 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही अतिरिक्त रोजगार सृजन करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन अनुदान दिया जाता है।
सरकार ने इस योजना के माध्यम से अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। देशभर के लगभग 200 स्थानों पर एक साथ आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 9 हजार नियोक्ता प्रतिनिधि और 45 हजार कर्मचारी भाग लेंगे।
ईपीएफओ अधिकारियों ने जलगांव क्षेत्र के सभी पात्र लाभार्थियों, उद्योग प्रतिनिधियों, नियोक्ताओं और कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।