जलगांव, आनंद शर्मा – विद्यार्थियों को शांत और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलगांव जिला परिषद और भारतीय विद्या भवन के संयुक्त प्रयास से MIDC क्षेत्र में निशुल्क अध्ययन कक्ष और सांस्कृतिक केंद्र की शुरुआत की गई है। इस सुविधा का उद्घाटन गुरुवार, 5 मार्च को जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणधीर सोमवंशी के हाथों संपन्न हुआ।
यह अध्ययन कक्ष MIDC परिसर स्थित डॉ. किशन काबरा सभागृह में शुरू किया गया है। उद्घाटन समारोह में जिला ग्रामीण विकास यंत्रणा के कार्यकारी संचालक आर. एस. लोखंडे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज चौधर, संजय बिर्ला, श्रेयांश काबरा, सपना काबरा, प्रो. डॉ. सीमा जोशी, उपशिक्षण अधिकारी नरेंद्र चौधरी और विजय सरोदे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिनल करनवाल की संकल्पना से इस अध्ययन कक्ष की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित, शांत और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
इससे पहले शहर के विद्यानिकेतन स्कूल में जिला परिषद द्वारा शुरू की गई मुफ्त अध्ययन कक्ष सुविधा को विद्यार्थियों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। उसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए MIDC क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी ऐसी ही सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
इसके अनुसार आर. एल. चौफुली क्षेत्र में लोकमत कार्यालय के पास स्थित भारतीय विद्या भवन की इमारत में यह अध्ययन कक्ष शुरू किया गया है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणधीर सोमवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए उचित वातावरण मिलना बेहद जरूरी है। इस अध्ययन कक्ष के माध्यम से विद्यार्थियों को शांत और सकारात्मक माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है और जल्द ही यहां एक वाचनालय भी शुरू करने की योजना है। उन्होंने जरूरतमंद विद्यार्थियों से इस सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रकल्प संचालक आर. एस. लोखंडे ने अध्ययन कक्ष शुरू करने के पीछे का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इस भवन का उपयोग आगे भी सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम की प्रस्तावना श्रेयांश काबरा ने रखी, संचालन गिरीश कुलकर्णी ने किया, जबकि आभार संजय बिर्ला ने व्यक्त किए।