जलगांव, 11 मई 2026 – महाराष्ट्र पुलिस के राज्यस्तरीय “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर (TOT)” कार्यक्रम में जलगांव जिला पुलिस दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण पदक और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही जलगांव पुलिस टीम को उत्कृष्ट टीम का खिताब भी मिला है। इस उपलब्धि के बाद पूरे जिले में पुलिस दल की सराहना की जा रही है।
महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक, मुंबई की संकल्पना से राज्यभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यह विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक हथियारों की जानकारी, सुरक्षा, हथियार संचालन और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिक सक्षम बनाना था। बढ़ते अपराध, आतंकवाद, नक्सलवाद और अवैध हथियारों के मामलों को देखते हुए यह प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह प्रशिक्षण राज्य राखीव पुलिस बल समूह क्रमांक-1, पुणे में आयोजित किया गया था। दिनांक 4 मई 2026 से 9 मई 2026 के बीच आयोजित सत्र में जलगांव पुलिस दल की टीम ने हिस्सा लिया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे और अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावीत के मार्गदर्शन में जलगांव पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में राखीव पुलिस उपनिरीक्षक सचिन व. चिवंडे ने “शिकवणी” विषय में 83/100 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं मुजफ्फरअली सय्यद ने 77/100 अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा पुलिस कर्मचारी समीर पवार ने “आंतर वर्ग फायरिंग” स्पर्धा में 87/100 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। समीर पवार ने उत्कृष्ट प्रशिक्षणार्थी श्रेणी में भी 337/400 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जलगांव पुलिस दल को संपूर्ण प्रतियोगिता में प्रथम क्रमांक विजेता टीम घोषित करते हुए स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
सोमवार, 11 मई 2026 को सुबह 10:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जलगांव में विजेता टीम का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावीत, पुलिस उपअधीक्षक (गृह) प्रदीप वाघूर और राखीव पुलिस निरीक्षक प्रशांत सुरवाडे उपस्थित रहे। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
