जलगांव, 11 मई 2026 – जळगाव शहर पुलिस ने SP श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्अशन में ,अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे “विशेष खोज अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में महिला को आश्रय देने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में विदेशी नागरिकों की जांच और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान शनिपेठ पुलिस स्टेशन की टीम को गुप्त सूचना मिली कि भोई गली, जोशी पेठ इलाके में एक विदेशी महिला बिना किसी वैध दस्तावेज के रह रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार, 10 मई 2026 को संबंधित ठिकाने पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान कोनिका रानी शामलचंद्र राय (उम्र 20 वर्ष, निवासी बांग्लादेश) नामक महिला पुलिस को मिली। जांच में सामने आया कि महिला ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के अवैध तरीके से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था और जळगांव में अनधिकृत रूप से रह रही थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चिन्मय जगन्नाथ वाला, निवासी जळगांव (मूल निवासी पश्चिम बंगाल) को महिला के बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने महिला को पुलिस से छिपाकर रखा और उसे आश्रय दिया।
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एवं विदेशी नागरिक कानून 2025 की धारा 21, 08 और 24 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक साजिद मंसूरी कर रहे हैं।
जळगांव पुलिस ने बताया कि शहर और जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, फर्जी दस्तावेजों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
