जलगांव, 9 मई 2026 – जळगांव पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत कार्यरत दो पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जळगांव द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 की रात करीब 9:20 बजे रिजर्व पुलिस निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय जळगांव ने पुलिस अधीक्षक बंगले की गार्ड ड्यूटी का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गार्ड ड्यूटी पर तैनात सफौ/1378 संभाजी निबाजी पाटील और पोना/393 प्रदीप भगतसिंह राजपूत अपने ड्यूटी पॉइंट पर मौजूद नहीं पाए गए।
जांच के दौरान इससे भी अधिक गंभीर लापरवाही सामने आई। गार्ड रूम में रखी गई 3 एसएलआर रायफल बट नंबर 82.262.882 बिना दारूगोला और सुरक्षा व्यवस्था के लावारिस हालत में पड़ी मिली। प्रशासन के अनुसार, संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का अनुपस्थित रहना और हथियारों की सुरक्षा में लापरवाही बरतना महाराष्ट्र नागरी सेवा (वर्तणूक) नियम 1979 के नियम 3 का उल्लंघन है।
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए दोनों पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय जळगांव ही रहेगा और उन्हें बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
