महाराष्ट्र के जलगांव शहर में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। अटलांटा कंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया) लिमिटेड, मुंबई के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला जळगांव शहर पुलिस स्टेशन में CCTNS नंबर 127/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 409 और 420 के अंतर्गत शुक्रवार, 1 मई 2026 को रात 9:10 बजे दर्ज किया गया।
इस मामले के फिर्यादी योगेश प्रकाश बोरोले (46), जो जलगांव महानगरपालिका में प्रभारी शहर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप के अनुसार, मुंबई स्थित अटलांटा कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक राझू अंबालाल वावरोट और अन्य संबंधित अधिकारियों ने नगरपरिषद का विश्वास जीतकर ठेका हासिल किया। यह ठेका शहर में पेवर मशीन के माध्यम से सड़कों के डामरीकरण का था।
शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने तय समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं किया और Mobilisation Fund सहित मूल रकम, ब्याज, दंड और नगरपालिका द्वारा किए गए अतिरिक्त खर्च को मिलाकर कुल ₹42,60,76,562 की आर्थिक हानि पहुंचाई।
यह कथित अनियमितता वर्ष 1997 से 2006 के बीच की बताई जा रही है, जब यह परियोजना तत्कालीन नगरपरिषद के अधीन थी।
गंभीर आर्थिक अनियमितता को देखते हुए इस मामले की जांच अब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) जळगांव को सौंप दी गई है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे प्रकरण में किन-किन अधिकारियों और व्यक्तियों की भूमिका रही है।
इस कार्रवाई के बाद शहर में प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
