जलगांव के अनुभूति रेजिडेंशियल स्कूल ने एक बार फिर शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन करते हुए सफलता की नई मिसाल कायम की है। आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) बोर्ड के नतीजों में स्कूल ने लगातार 19वें वर्ष भी 100 प्रतिशत रिजल्ट का रिकॉर्ड बरकरार रखा है।
आईसीएसई 10वीं परीक्षा में पलक सुराणा ने 96.80 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वयंम पाडे 95.60 प्रतिशत के साथ दूसरे और स्तुति गर्ग 94.80 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस परीक्षा में कुल 32 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 8 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 15 छात्रों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त किए।
दूसरी ओर, आईएससी 12वीं परीक्षा में अलेफिया शाकीर कुजेमा ने 92.75 प्रतिशत अंक लेकर टॉप किया। ट्विंकल प्रकाश ललवाणी 91.75 प्रतिशत के साथ दूसरे और आर्यमान बोथरा 89.75 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस परीक्षा में कुल 17 छात्र शामिल हुए थे और सभी ने अच्छे अंकों के साथ सफलता हासिल की।
स्कूल की स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी और तब से लेकर अब तक यह संस्था लगातार उत्कृष्ट परिणाम देती आ रही है। यह खानदेश क्षेत्र की पहली सीआईएससीई पैटर्न की स्कूल मानी जाती है, जिसने अपनी अलग पहचान बनाई है।
स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी खास ध्यान दिया जाता है। विभिन्न प्रतियोगिताओं, गतिविधियों और रचनात्मक कार्यक्रमों के जरिए छात्रों में आत्मविश्वास, सहयोग भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित की जाती है। यही कारण है कि यहां के छात्र न केवल पढ़ाई में बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
स्कूल प्रबंधन ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और उनके भीतर छिपी प्रतिभा का परिणाम है। इस सफलता के पीछे शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे स्टाफ का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी स्कूल इसी तरह उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाता रहेगा और देश को सक्षम और जिम्मेदार नागरिक देता रहेगा।