जलगांव, 29 अप्रैल 2026 – जलगांव जिले के यावल तालुका के चारमाळी गांव में “जल जीवन मिशन – हर घर जल” योजना पूरी तरह विफल होती नजर आ रही है। करीब 61 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद गांव में अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामस्थों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, योजना के तहत किए गए काम अधूरे और खराब गुणवत्ता के हैं। पाइपलाइन पूरी नहीं है और पानी की टंकी भी उपयोग में नहीं है। आरोप है कि कागजों में काम पूरा दिखाकर वास्तविकता में लोगों को पानी से वंचित रखा गया।

चारमाळी गांव की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग रोजाना करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। जिस इलाके से पानी लाया जाता है, वहां जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को भी पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “हर घर जल” योजना यहां “हर घर त्रास” बन गई है। खास बात यह है कि जिस जिले के पालकमंत्री खुद जल आपूर्ति विभाग संभालते हैं, उसी जिले में ऐसी स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ग्रामस्थों ने मांग की है कि गांव में तुरंत पानी के टैंकर भेजे जाएं, योजना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो और अधूरे काम जल्द पूरे कर पानी की आपूर्ति शुरू की जाए।

यह जानकारी नवसंजवनी जिला समिति की सदस्य प्रातिभा शिंदे और चारमाळी गांव के ग्रामस्थों द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से दी गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।