जैन ड्रीम स्पेसेस मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में जलगांव कोगटा किंग्स ने अमळनेर सुहांस जायंट्स को 5 विकेट से हराकर जलगांव क्रिकेट लीग (JCL) का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के हीरो रहे पूर्वेस चौधरी, जिन्होंने मैच विनिंग पारी खेलते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले में कोगटा किंग्स के कप्तान जगदीश झोपे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उनकी टीम के गेंदबाजों ने सटीक प्रदर्शन करते हुए अमळनेर के बल्लेबाजों को नियंत्रित रखा। अमळनेर की ओर से शुभम शर्मा ने 43 गेंदों में 62 रन (9 चौके, 2 छक्के) और रणजित निकम ने 29 गेंदों में 47 रन बनाए, जिससे टीम ने 20 ओवर में 166 रन का स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में जगदीश झोपे ने 4 विकेट और उबेद खाटिक ने 3 विकेट लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जवाब में जलगांव कोगटा किंग्स ने आक्रामक शुरुआत की। ओम भोसले ने 19 गेंदों में 34 रन और जितेंद्र निकम ने 33 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया। इसके बाद मनीष चौहान ने 36 रन और पूर्वेस चौधरी ने 22 गेंदों में 43 रन की धमाकेदार पारी खेलते हुए टीम को 18.2 ओवर में 171 रन तक पहुंचाया और खिताब दिलाया।
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन समारोह भी भव्य रहा, जिसमें रोहन घुगे, अशोक जैन, अतुल जैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन की सराहना करते हुए पालकमंत्री गुलाबराव पाटील ने आयोजकों की प्रशंसा की।
इस लीग में विजेता टीम को ₹2 लाख, उपविजेता को ₹1 लाख और अन्य टीमों व खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए गए। प्लेयर ऑफ द लीग का खिताब शुभम शर्मा को मिला, जबकि ओम भोसले को बेस्ट बल्लेबाज और रवि पाटील को बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया।
इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमों के 108 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने खेल का प्रदर्शन किया। मेहरुण तालाब के पास आयोजित इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे, जिन्होंने शानदार रोशनी और डीजे के साथ मैच का भरपूर आनंद लिया।