जलगांव की संगीता पाटिल को Confederation of All India Traders (कैट) की वुमेन विंग का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा नई दिल्ली के हिंदी भवन में आयोजित राष्ट्रीय महिला उद्यमी शिखर सम्मेलन के दौरान की गई। खास बात यह रही कि उन्हें मुख्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो संगठन के इतिहास में पहली बार हुआ है।
कार्यक्रम में Rekha Gupta की उपस्थिति रही, जबकि कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया और महासचिव एवं सांसद Praveen Khandelwal के नेतृत्व में सम्मेलन का आयोजन किया गया। देशभर से 400 से अधिक महिला उद्यमियों ने इस सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां महिला उद्यमिता, डिजिटल सशक्तिकरण, स्किल डेवलपमेंट, एमएसएमई और स्टार्टअप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
संगीता पाटिल का सफर जलगांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और अवसर की है।
उन्होंने “आत्मनिर्भर भारत” और “वोकल फॉर लोकल” के विचार को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं से व्यवसाय और उद्योग में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने डिजिटल सशक्तिकरण और मार्केट लिंकज के जरिए महिलाओं को स्थानीय से वैश्विक बाजार तक जोड़ने पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान प्रवीन खंडेलवाल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की, जिसके बाद संगीता पाटिल ने 25 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी और 15 क्षेत्रीय समन्वयकों की नई टीम का ऐलान किया। इस नए नेतृत्व से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कैट वुमेन विंग के इस दो दिवसीय सम्मेलन को सफल बनाने में दिल्ली टीम और सभी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।