जलगांव, 16 अप्रैल 2026 – शहर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का माहौल बन चुका है, क्योंकि “जलगांव क्रिकेट लीग 2026” का औपचारिक आगाज़ हो गया है। जळगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन 18 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच कांताई नगर जैन मैदान पर किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन के पहले शहर में एक शानदार बाइक रैली निकाली गई, जिसमें छह टीमों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक और टीम मालिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली का शुभारंभ काव्यरत्नावली चौक से किया गया, जिसे जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन सहित कई मान्यवरों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों – कलेक्टर बंगला मार्ग, एम.जे. कॉलेज, प्रभात चौक, स्वातंत्र चौक, पांडे डेयरी चौक, बेंडाळे चौक और चित्रा चौक से होते हुए पुनः काव्यरत्नावली चौक पहुंची। इस दौरान खिलाड़ियों ने टीम जर्सी पहनकर और झंडे लहराते हुए पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

रैली के समापन पर सभी छह टीमों की जर्सी का अनावरण किया गया। इस लीग में जलगांव कोगटा किंग, पाचोरा एसकेटी योद्धाज, जामनेर सातपुडा हीरोज, चालीसगांव एसपीसीसी चैलेंजर्स, अमलनेर सुहांस जायंट्स और रावेर रॉयल्स टीमें हिस्सा ले रही हैं।

रैली के दौरान “अब मौका… जलगांव क्रिकेट लीग का…” जैसे जोशीले नारे लगाए गए, जिससे शहर में क्रिकेट का माहौल और भी गर्म हो गया। इस लीग से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा, वहीं क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।

अब पूरे शहर की नजरें इस लीग पर टिकी हुई हैं, और उम्मीद की जा रही है कि “जलगांव क्रिकेट लीग 2026” शहर के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।