जलगांव, 7 अप्रैल 2026 –
महाराष्ट्र में चल रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में जलगांव जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए सटीक प्लानिंग और व्यापक जनजागरूकता अभियान का नतीजा मानी जा रही है।
महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने यह विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है। हालांकि, कई जिलों में लोगों के बीच फैली भ्रांतियों और संकोच के कारण अभियान की गति धीमी देखी गई, लेकिन जलगांव ने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनल करनवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया। लोगों के बीच फैली गलतफहमियों को दूर किया गया और वैक्सीन को लेकर भरोसा पैदा किया गया, जिससे अभियान को गति मिली।
अब तक जिले में 2,293 किशोरियों को HPV वैक्सीन दी जा चुकी है। जबकि जिले के लिए कुल 41 हजार टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान की शुरुआत 8 मार्च 2026 को जामनेर तहसील के नेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से की गई थी, और यह अभियान अगले तीन महीनों तक जारी रहेगा।
राज्य स्तर पर तुलना करें तो जलगांव सबसे आगे है, जबकि ठाणे जिला 1,999 टीकाकरण के साथ दूसरे और नागपुर 1,234 टीकाकरण के साथ तीसरे स्थान पर है।
इस उपलब्धि पर सीईओ मीनल करनवाल ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन भायेकर और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह लक्ष्य पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की अपील की है।
