जलगांव, 28 मार्च 2026 –
जलगांव जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनल करनवाल को राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी “सेवाकर्मी प्लस” उपक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर व प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
मुंबई स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित एक विशेष समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, मंत्री आशीष शेलार, पुलिस महानिदेशक डॉ. सदानंद दाते सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मीनल करनवाल को सम्मानपत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। उनके नेतृत्व में जलगांव जिला परिषद ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासन में पारदर्शिता और नागरिक केंद्रित सेवा वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।
इस सम्मान से न केवल जलगांव जिला प्रशासन की कार्यक्षमता को राज्य स्तर पर पहचान मिली है, बल्कि जिला परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। माना जा रहा है कि यह उपलब्धि भविष्य में भी नागरिकों को और अधिक सशक्त, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की दिशा में प्रेरणा का कार्य करेगी।
