चोपड़ा (महाराष्ट्र), 26 मार्च 2026 – चोपड़ा तालुका के लासूर गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। करीब 14 से 15 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद बने इस मंदिर के उद्घाटन को लेकर पूरे गांव में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मंदिर निर्माण पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पिछले पांच से छह दिनों से गांव में श्रीराम कथा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक माहौल के बीच भगवान श्रीराम की मूर्तियों और श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर त्यागी शिवरणदास बाबा की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

इसके बाद मंदिर परिसर में विधिवत होम-हवन, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। वृंदावन से पधारे विठ्ठल दास महाराज के हाथों मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना से पूर्व विशेष पूजा और जलाभिषेक किया गया। लगभग सात फीट ऊंचे कलश को विधिवत तरीके से मंदिर के शीर्ष पर स्थापित किया गया, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।

साथ ही मंदिर परिसर के समीप श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर त्यागी शिवरणदास बाबा का भव्य स्मारक भी निर्मित किया गया है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। इस अवसर पर लासूर गांव के सैकड़ों ग्रामस्थों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे आयोजन को एक भव्य धार्मिक उत्सव का रूप दे दिया।

इस ऐतिहासिक आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि गांव की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी नई पहचान दी।