महाराष्ट्र के जलगांव जिले के धरणगांव तालुका के पाळधी गांव में स्थित साईबाबा मंदिर परिसर में बड़ा हादसा हो गया। पर्यटन विकास परियोजना के तहत बनाए जा रहे शासकीय भक्त निवास के निर्माण के दौरान अचानक छत का स्लैब गिर गया। इस दुर्घटना में सात मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत जलगांव जिला शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
इस बीच आरोप भी लग रहे हैं कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हालांकि दुर्घटना का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पाळधी के माजी जिल्हा परिषद सदस्य प्रताप पाटील ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायलों का इलाज जलगांव जिला अस्पताल में चल रहा है और सुदैव से इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।